Saraikela (संजीव मेहता) : ओडिशा के रायरंगपुर सिंचाई प्रमंडल, रायरंगपुर द्वारा सूचित किया गया है कि आई.एम.डी. द्वारा मौसम पूर्वानुमान एवं जलग्रहण क्षेत्र में हुई वर्षा के साथ-साथ अंतर्वर्ती क्षेत्र में बैकवाटर जलाशय से पानी छोड़े जाने की संभावना बनी हुई है. इस परिप्रेक्ष्य में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, सरायकेला नितिश कुमार सिंह ने जिले के समस्त पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया है.
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि खरकई/स्वर्णरेखा नदी एवं चांडिल डैम के निचले क्षेत्रों में मानव सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव को रोकने हेतु आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बनाए रखें. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, ग्रामीण विकास विभाग, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, विशेष प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति विभाग, नगर पंचायत/नगर परिषद को निर्देश दिया है कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए त्वरित कार्यवाही के लिए टीम गठित करें तथा विद्युत/जलापूर्ति की व्यवस्था नियंत्रित करने सहित राहत एवं बचाव की सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करें.

साथ ही जिला उद्यान पदाधिकारी एवं कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में फसल, बागान एवं खेती प्रभावित हो सकती है, इसलिए किसानों को पूर्व में सूचित कर आवश्यक सावधानियाँ बरतने हेतु जागरूक करें. उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल, अंचलाधिकारी, चांडिल एवं चांडिल नगर परिषद को निर्देश दिया गया है कि जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में खरकई/स्वर्णरेखा नदी एवं चांडिल डैम के निचले क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें. जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में आमजन को समय पर सूचित करें तथा सोशल मीडिया एवं प्रेस के माध्यम से आवश्यक प्रचार-प्रसार कर जागरूकता सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आपातकालीन परिस्थितियों हेतु तैयार रखें, आवश्यक दवाइयाँ एवं चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराएँ तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) एवं एम्बुलेंस को अलर्ट मोड पर रखें.



