बिहार/ पटना : बेउर जेल में बंद कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार उर्फ अभिजीत, जो वैशाली जिले के गरौल थाना के हुसैना गांव का रहने वाला है, हथकड़ी के साथ फरार हो गया। प्रिंस कुमार कुख्यात सोना लुटेरा सुबोध सिंह का शार्प शूटर है और पिछले दो-तीन साल से बेउर जेल में बंद था। सोमवार को करीब 2:00 बजे उसे रुटीन चेकअप के लिए पटना के पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) के हथुआ वार्ड में एडमिट कराया गया था। अस्पताल में उसके साथ सुरक्षा के लिए दो सुरक्षाकर्मी सिपाही रंजन पासवान और हवलदार सुबोध पासवान तैनात थे।

यह पहली बार नहीं था जब प्रिंस कुमार को अस्पताल में चेकअप के लिए लाया गया था, वह पहले भी पीएमसीएच जा चुका था। फरार होने की घटना ने पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। घटना के बाद से पुलिस द्वारा उसकी तलाश की जा रही है और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रिंस के फरार होने के पीछे की साजिश और सुरक्षा व्यवस्था में चूक की भी जांच की जा रही है।




