दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें उन राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए जिनकी सीमाएं पाकिस्तान और नेपाल से लगती हैं। यह बैठक हाल ही में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के संदर्भ में आयोजित की गई। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में जम्मू कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुखों के साथ-साथ लद्दाख के उपराज्यपाल ने भाग लिया। गृह मंत्री ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अर्धसैनिक बलों के प्रमुखों से छुट्टी पर गए जवानों को तुरंत ड्यूटी पर लौटने को कहा। शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को देश के खिलाफ हमलों का कठोर प्रतिकार बताया और कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद की हर जड़ को खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए दृढ़ कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।




