बिक्रमगंज(रोहतास) : शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “जीनियस 100 परीक्षा” में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । इस परीक्षा का आयोजन गायत्री सोशल वेलफेयर एंड एजुकेशनल फाउंडेशन द्वारा किया गया । जिसमें सैकड़ों छात्रों ने अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया । इस परीक्षा में गणित,विज्ञान,सामान्य ज्ञान और तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्न शामिल थे । जिससे छात्रों की बौद्धिक क्षमता को परखा गया।

परीक्षा केंद्रों पर छात्रों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया । आयोजकों के अनुसार इस परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल से परिचित कराना और उनकी मानसिक क्षमता को विकसित करना था । कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संरक्षक डॉ संगीता शर्मा,आभा टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट की प्राचार्या स्वेता प्रभात एवं निदेशक अभिजीत आनंद के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काट एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया । कार्यक्रम में मंच संचालन की जिम्मेदारी मनोज पाठक ने निभाई । उसके उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चारण एवं स्वागत गीत से की गई । उसके बाद कार्यक्रम के अगली कड़ी में उक्त विद्यालय के बच्चों एवं बच्चियों द्वारा एक से बढ़कर एक देवी जागरण पर नृत्य व शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत की गई । जो काफी सराहनीय रहा । तत्पश्चात कार्यक्रम दौरान आए हुए स्थानीय पत्रकारों को भी विद्यालय प्रशासन की ओर से फूलमाला,डायरी एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया । उसके उपरांत “जीनियस 100 परीक्षा” में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सफल प्रतिभागियों को विद्यालय परिवार की ओर से फूलमाला,बुकें,डायरी,मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया । उसके बाद ओवरऑल प्रतिभागियों को फूलमाला,मेडल, प्रमाणपत्र,साइकिल,क्रिकेट कीट एवं कैरम बोर्ड से सम्मानित किया गया । उक्त विद्यालय की संरक्षक डॉ संगीता शर्मा ने कहा कि “हमारा उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि को बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को निखारना है । इस तरह की परीक्षाएं बच्चों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में सहायक होती हैं । विद्यालय के निदेशक अभिजीत आनंद ने कहा कि “इस परीक्षा से छात्रों की बौद्धिक क्षमता में वृद्धि हुई है । भविष्य में हम और अधिक शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन करेंगे,ताकि छात्रों को सीखने के नए अवसर मिल सकें । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वेता प्रभात ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि”आज के प्रतिभागी ही कल के नेता और वैज्ञानिक बनेंगे । हमें गर्व है कि हमारे क्षेत्र के छात्र इतनी उत्कृष्टता दिखा रहे हैं । यह परीक्षा छात्रों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रही,बल्कि उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी बढ़ावा देने का कार्य किया । आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षिक गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प लिया ।आयोजन समिति ने इस परीक्षा में भाग लेने वाले सभी छात्रों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी और कहा कि आने वाले वर्षों में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी ताकि छात्रों को अपनी क्षमता दिखाने और सुधारने के अधिक अवसर मिल सकें । मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका,बच्चे एवं अभिभावक भी मौजूद रहे ।




