
रांची : झारखंड में प्रचंड गर्मी के चलते सभी स्कूलें 15 जून, 2024 तक बंद रहेंगी। यह आदेश शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव नंदकिशोर लाल ने 11 जून, 2024 को जारी किया। पूर्व में राज्य में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में केजी से कक्षा 12 तक की कक्षाएं 15 जून, 2024 तक सुबह 7 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे तक संचालित करने का निर्देश दिया गया था।
हालांकि, राज्य में भीषण गर्मी और तपिश के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए, अब 12 जून से 15 जून, 2024 तक सभी प्रकार की स्कूलों की कक्षाएं बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस अवधि के बाद सभी कक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित समय पर संचालित होंगी। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।




