दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के कई बड़े शहरों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह छापे कोलकाता के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, जालंधर और इंदौर जैसे शहरों में डाले गए। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक केस में की गई है, जिसे धनशोधन रोकथाम अधिनियम, 2002 के अंतर्गत अंजाम दिया गया।

ईडी द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह जांच एक कंपनी से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर की जा रही है। तलाशी के दौरान अधिकारियों को महत्वपूर्ण कागजात, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और विदेशी करेंसी प्राप्त हुई है।एजेंसी ने करीब 6.43 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की है, जिसमें अमेरिकी डॉलर, सिंगापुर डॉलर और दिरहम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 55.74 लाख रुपये का सोना भी बरामद किया गया। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों के करीब 94 लाख रुपये बैंक खातों में जमा धनराशि को फ्रीज कर दिया गया है। छापेमारी के दौरान जुटाए गए डिजिटल डेटा की विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच की जाएगी। प्राप्त दस्तावेजों से धन के अवैध प्रवाह और अन्य जुड़ी गतिविधियों का खुलासा होने की उम्मीद है।




