रांची : झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम में व्यापक परिवर्तन देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 22 मई से लेकर 26 मई तक राज्य में मूसलधार वर्षा की आशंका जताई गई है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। खासकर देवघर, धनबाद, दुमका, रांची, बोकारो और अन्य मध्यवर्ती जिलों में अधिक प्रभाव रहेगा। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

कोल्हान क्षेत्र के शहरों में पिछले दिन काफी उमस और गर्मी महसूस की गई, लेकिन शाम के बाद चली तेज हवाओं और वर्षा ने वातावरण को राहत प्रदान की। सरायकेला जैसे इलाकों में सुबह सूरज चमका, मगर दोपहर बाद स्थिति में बदलाव संभावित है।राजधानी रांची में दिन का तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और रात का 23 डिग्री तक रह सकता है। जमशेदपुर और डाल्टनगंज में दिन का तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, मानसून की बात करें तो इस बार केरल में इसकी शुरुआत 25 मई तक हो सकती है और झारखंड में इसके पहुंचने में लगभग 5 से 7 जून का समय लग सकता है।




