Saraikela (संजीव मेहता) : दुर्गा पूजा में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. पश्चिम बंगाल, ओड़िसा और झारखंड में रुक रुक कर हो रही बारिश की वजह से डैमों का जलस्तर भर गया है लिहाजा जलाशयों से पानी छोड़ने की घोषणा की गई है. जानकारी देते हुए डीसी नीतीश कुमार सिंह ने तटीय इलाकों में रहनेवाले लोगों को चेतावनी दिया है और नदी किनारे जाने से परहेज करने को कहा है.

उन्होंने कहा है कि ओडिसा के रायरंगपुर स्थित बयांगबिल डैम से बीती शनिवार रात से ही पानी छोड़ी जा रही है. वहां से डैम के 2 फाटक खोलकर प्रति मिनट 150 क्यूसेक पानी छोड़े जा रहे हैं. जिससे खरकई और स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में उछाल आएगी, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रहेगी. जिला प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगी. उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई है कि सिंचाई प्रमंडल, रायरंगपुर से आई.पी.सी.एल. द्वारा बयांगबिल जलाशय से पानी छोड़े जाने का निर्णय लिया गया है. इससे खरकई/स्वर्णरेखा नदी एवं चांडिल डैम के निचले क्षेत्रों का जलस्तर बढ़ सकता है. उन्होंने आमजन को नदी तट/निचले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाने एवं सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.



