छपरा : छपरा में दो दिन पहले डॉक्टर सजल कुमार के अपहरण के असफल प्रयास का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो अपराधी अस्पताल में भर्ती हैं। ये दोनों पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश कर रहे थे, जिसे पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मार कर दबाया।
एसएसपी सारण, डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि इस कांड के मुख्य साजिशकर्ता डॉक्टर शिवनारायण हैं, जो खुद डॉक्टर सजल कुमार के साथ एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट के रूप में काम करते थे। हाल ही में डॉक्टर सजल कुमार ने जमीन का बड़ा भूखंड खरीदा था, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। डॉक्टर शिवनारायण भी उसी भूखंड में हिस्सेदारी चाहते थे। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर सजल को अपहरण कर फिरौती लेने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, मांगी जाने वाली फिरौती लगभग एक करोड़ रुपये थी।

एसएसपी ने बताया कि अपहरण के प्रयास के दौरान डॉक्टर सजल गाड़ी से कूद कर बच निकले, जबकि अपहरणकर्ताओं की गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। इस गंभीर घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने अपराधियों गोलू कुमार और रंजन राय को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए। उनकी निशानदेही पर मुख्य साजिशकर्ता डॉक्टर शिवनारायण और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, पांच खोखा, एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किए गए। इस गिरफ्तारी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष और जिला सूचना इकाई के सदस्य शामिल रहे। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और बाकी आरोपी मोंटी भारती की भी जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।






