सरायकेला : शनिवार दोपहर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चुना भट्टी के पास स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स नाम की दुकान पर चार अज्ञात युवक पहुंचे और अचानक गोली चला दी। बताया जा रहा है कि सभी युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने लगभग तीन राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
दुकान में मौजूद रवि कुमार उस समय काम कर रहे थे। अचानक हुई गोलीबारी देखकर उन्होंने तुरंत टेबल के पीछे छिपकर खुद को सुरक्षित किया। उनकी सूझबूझ से वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। रवि कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले हरिओम नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ऋषि, सानू, अमन और साहिल सोनकर के साथ उनका विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद के कारण इस हमले को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खाली खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है। दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।




