बोकारो : बोकारो प्रक्षेत्र के डीआईजी आनंद प्रकाश ने प्रक्षेत्र के धनबाद और बोकारो जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से विधि व्यवस्था, और मिल रहे शिकायतों की आलोक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं । वीसी के माध्यम से बारी बारी से अधिकारियों से विधि व्यवस्था की जानकारी ली गई और निर्देश दिए गए। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीआईजी आनंद प्रकाश ने विशेष रूप से महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर सख्ती बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यौन अपराध से जुड़े मामलों, खासकर *POCSO अधिनियम* के अंतर्गत दर्ज मामलों की गंभीरता से जांच की जाए और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए अनुसंधान में तेजी लाई जाए। उन्होंने सभी एसपी, डीएसपी , थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा बैठक में लंबित वारंट और कुर्की की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा लंबित वारंट और कुर्की मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए।
डीआईजी ने बच्चा चोरी की घटनाओं को लेकर भी विशेष चर्चा की । डीआईजी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पीड़क कार्रवाई पर भी काफी गंभीरता से चर्चा की गई। डीआईजी आनंद प्रकाश ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को सक्रिय और चौकस रहना होगा, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।




