जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना में हो रही गंभीर अनियमितताओं को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि उच्च अधिकारियों के आदेशों को निचले स्तर के कर्मचारी नजरअंदाज कर रहे हैं, तो यह स्पष्ट संकेत है कि इस परियोजना को विफल करने की साजिश चल रही है।

सरयू राय के अनुसार, 125 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस योजना के बावजूद मानगो के 75% घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। मोटरें जल चुकी हैं, टंकियां निष्क्रिय हैं और पाइपलाइनें अवरुद्ध हैं। सरयू राय ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर आपूर्ति को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने इस पूरे तंत्र की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। बालीगुमा जैसे इलाकों में एक बूंद पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि विभागीय फंड सरकारी खाते में पड़ा है, परंतु फाइलें अटकी हुई हैं। उन्होंने पूर्वी जमशेदपुर की अधूरी परियोजनाओं को लेकर भी चिंता जताई और उन्हें पूरा करने का संकल्प लिया। राय ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इस धरना में विभिन्न दलों के नेता और सैकड़ों लोग शामिल हुए।




