धनबाद : धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें एक नवजात शिशु गुम हो गया। यह घटना टुंडी थाना क्षेत्र के एक आदिवासी परिवार के साथ हुई। बच्चे की मां अस्पताल में भर्ती थीं और शिशु वार्ड में रखा गया था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने मौका पाकर बच्चे को अपने साथ ले लिया और अस्पताल से बाहर निकल गई।
परिजन जब लंबे समय तक बच्चे को नहीं देख पाए तो उन्होंने सर्चिंग शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। वीडियो में देखा गया कि एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जा रही है। पुलिस अब उस महिला की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है।

परिवार ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर अस्पताल में निगरानी और सुरक्षा पर्याप्त होती तो ऐसा हादसा नहीं होता। उन्होंने शिशु की सुरक्षित वापसी की मांग की है। टुंडी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर नवजात को सुरक्षित परिवार के पास लौटाया जाएगा। यह मामला अस्पताल सुरक्षा और देखभाल की गंभीर चूक को उजागर करता है।






