दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को वर्ष 2025 में अब तक 7,698 मामलों की जानकारी प्राप्त हुई है। इनमें सबसे बड़ी संख्या घरेलू हिंसा, शारीरिक हमले और धमकी से जुड़ी घटनाओं की रही। घरेलू हिंसा के 1,594 प्रकरण दर्ज किए गए, जो कुल मामलों का लगभग पांचवां हिस्सा हैं। इनमें जनवरी में 367, फरवरी में 390, मार्च में 513, अप्रैल में 322 और मई में अब तक दो शिकायतें आईं।

धमकी से संबंधित कुल 989 घटनाएं सामने आईं, जिनमें जनवरी में 268, फरवरी में 260, मार्च में 288, अप्रैल में 170 और मई में तीन प्रकरण सामने आए। मारपीट की श्रेणी में 950 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा, दहेज प्रताड़ना से संबंधित 916, बलात्कार व प्रयास से जुड़ी 394, और अभद्र व्यवहार की 310 घटनाएं दर्ज की गईं। यौन शोषण से जुड़ी 302 शिकायतें भी सामने आईं, जबकि ऑनलाइन माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाने के 110 मामले दर्ज हुए। प्रदेशवार आंकड़ों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा, जहां जनवरी से मई तक कुल 3,921 मामले सामने आए। इसके बाद दिल्ली (688) और महाराष्ट्र (473) का स्थान रहा। मध्य प्रदेश, बिहार और हरियाणा से भी सैकड़ों मामले सामने आए।




