
जमशेदपुर : उपायुक्त ने एमजीएम कॉलेज व अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक करते हुए कहा, निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करे। झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के सबसे बड़े अस्पताल कॉलेज एमजीएम में चल रहे आधारभूत संरचना निर्माण कार्य को लेकर जमशेदपुर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को कार्यालय में समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी, एमजीएम अधीक्षक, उपाधीक्षक, भवन निर्माण एवं भवन निगम के कार्यपालक अभियंता समेत संवेदक बैठक में उपस्थित रहे।उपायुक्त ने फेज वाइज किए जा रहे निर्माण कार्य के प्रगति की क्रमवार समीक्षा कर स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में ही पूर्ण हो, इसे सुनिश्चित करें। कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में वर्तमान में भवनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए, निर्माण कार्य की समुचित निगरानी के लिए समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया। जिसमें प्रशासनिक पदाधिकारी के अलावा, सिविल सर्जन, एमजीएम कॉलेज एवं अस्पताल के आधीक्षक व अन्य प्रतिनिधि, भवन निर्माण एवं भवन निगम के अभियंता तथा अन्य शामिल रहेंगे। जो निर्माण कार्यों की निगरानी कर क्वालिटी की भी देखरेख करेंगे।
एमजीएम कॉलेज परिसर में 500 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं एमजीएम अस्पताल परिसर में भी पुराने भवन की जगह नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि कोल्हान प्रमंडल के तीनो जिलों का भार एमजीएम पर रहता है, ऐसे में स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ता प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। एक बड़ी आबादी को बेहतर चिकित्सीय सुविधा मिले इसके लिए जरूरी है कि निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण किए जाए। जिसके लिए समय-समय पर समिति द्वारा निगरानी आवश्यक है।




