Saraikela (संजीव मेहता) : जिले के डीसी नीतीश कुमार सिंह सोमवार को अचानक आदित्यपुर के दुर्गा पूजा पंडालों का जायजा लेने पहुंच गए. उनके साथ नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश और ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय कुमार भी मौजूद रहे. वे सर्वप्रथम प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान के पंडाल में पहुंचे जहां उन्होंने आयोजक मंडली के संरक्षक पूर्व विधायक अरविन्द कुमार सिंह से पूजा के आयोजन और भव्यता का हाल जाना.
बता दें कि यहां इस वर्ष भी पहले पूजा के दिन से ही पंडाल का पट खोल दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु पंडाल की भव्यता को देख सकें. इस दौरान डीसी ने पूर्व विधायक के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग, आगजनी जैसी असामयिक घटनाओं से सुरक्षा पर विशेष बातें की और कई दिशा निर्देश भी दिए. बता दें कि कमेटी इस वर्ष राजस्थान के मशहूर उदयपुर किला का निर्माण करवा रही है जो देखने योग्य होगी. प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान ओल्ड एम टाइप आदित्यपुर के पंडाल की ऊंचाई 80 फ़ीट, चौड़ाई 120 फ़ीट की बन रही है. पंडाल का निर्माण पार्वती डेकोरेटर्स पश्चिम बंगाल मिदनापुर मेचेदा के कारीगरों द्वारा कराया जा रहा है. डेकोरेटर्स के मुख्य कारीगर अशोक डे के नेतृतव में 60 कारीगर निर्माण कार्य में दो महीने से जुटे हैं.

पूर्व विधायक ने बताया कि उनकी सोच भारतीय संस्कृति की धरोहरों को सहेजना, पुरानी गौरवशाली इतिहास को बचाना है. इसी थीम पर इस वर्ष पंडाल का निर्माण कराया गया है. मूर्ति भी कोलकाता के बीजू दा द्वारा बनवाई जा रही है और कोलकाता का मैकेनिकल लाइटिंग आकर्षण का केंद्र होगा. इस वर्ष की कमेटी में मुख्य संरक्षक पूर्व विधायक अरबिंद सिंह, के साथ एके श्रीवास्तव, अंकुर सिंह हैं. संस्थान के अध्यक्ष विनायक सिंह हैं. जबकि कमेटी मेंबर में मनोज सिंह, चंदन सिंह, ऋतू राज सिंह, पप्पू सिंह, धर्मेंद्र प्रासाद, ऋषि मिश्रा, समरेंद्र नाथ तिवारी, शशि मिश्रा, जवाहरलाल सिंह उर्फ मामा, सुनील गुप्ता, शंकर सिंह आदि शामिल हैं.




