रांची : पुलिस ने शुक्रवार को गढ़वा शाहपुर मार्ग पर परसाहा मोड़ के पास से एक क्रेटा कार से 33 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है। एसडीपीओ नीरज कुमार ने गढ़वा थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे को गुप्त सूचना मिली थी कि डाल्टेनगंज से गढ़वा की ओर सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध रूप से गांजा ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बृज कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। सुबह करीब 07:30 बजे परसाहा मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। लगभग 8 बजे, डाल्टेनगंज की ओर से आ रही कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन कार चालक ने गाड़ी की गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक बोर्ड से टकराकर पलट गई। कार में सवार दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए। कार की तलाशी के दौरान डिक्की में छिपाकर रखे गए 24 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 33 किलो था। पुलिस ने कार (क्रेटा न.- जेएच 05 बीटी 1834) को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




