रांची : सीजीएल परीक्षा पेपर लीक मामले में एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गोरखपुर और अन्य स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के प्रमुख संदीप त्रिपाठी और विवेक रंजन को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि एक आइआरबी जवान भी इस मामले में शामिल था। यह जवान पूर्व में छुट्टी लेकर परीक्षा में सम्मिलित हुआ था, लेकिन वर्तमान में वह फरार है। उसकी तलाश में एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य परीक्षा में अवैध वसूली कर रहे थे और गिरोह के सरगना के कहने पर यह काम किया जा रहा था। आरोपियों के बीच मनी ट्रेल के भी प्रमाण मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने आइआरबी के जवान समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरोह के सरगना के बारे में जानकारी मिलने के बाद गोरखपुर में एक और टीम को भेजा गया था, जो गिरफ्तारी के बाद जांच में जुटी है।




