जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मेन रोड न्यू बाराद्वारी स्थित बिल्डर अमित सोलंकी के घर में रविवार दोपहर लगभग 20 लाख रुपये की बड़ी चोरी की घटना सामने आई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्यपुर निवासी धीरज, उसकी पत्नी ज्योति और चोरी का सोना खरीदने वाला सुनील शामिल हैं।
इनके साथ धीरज और ज्योति का दो वर्षीय बच्चा भी था। पुलिस ने बताया कि इस घटना का मुख्य आरोपी आलोक मुखी है, जो कचड़ा चुनने का काम करता है और पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के अनुसार, आलोक ने घर में घुसकर आभूषण और नकदी की चोरी की और फिर चोरी के गहने अपने बहनोई धीरज को सौंप दिए।

धीरज और उसकी पत्नी ने यह आभूषण सुनील नामक व्यक्ति को 70 हजार रुपये में बेच दिए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी के जेवरात और 70 हजार रुपये बरामद कर लिए। घटना के समय घर की महिलाएं दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक छत पर धूप सेंकने गई थीं। लौटने पर उन्होंने कमरा बिखरा पाया और अलमारी टूटी हुई मिली। सीसीटीवी फुटेज में आलोक बैग लेकर जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।




