Saraikela (संजीव मेहता) : बिहार में इसी वर्ष अक्टूबर नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है. इस बार के चुनाव में काफी कुछ नया दिखने वाला है. एक ओर जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी के काट में अपने पुत्र की राजनीति में इंट्री कराने की योजना बना ली है वहीं दूसरी ओर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज पार्टी भी कमर कसकर चुनाव में उतरने की तैयारी कर ली है. होली के दौरान सियासी गलियारे से आई बड़ी खबर में सीएम नीतीश कुमार के बेटे की सक्रिय राजनीति में इंट्री की खबर सामने निकलकर आ रही है.

पूर्व उद्योग मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता जय कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत में बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की आज जेडीयू (JDU) में एंट्री हो गई है. आज वह जेडीयू के रंग में रंग गए हैं. उन्होंने पैर छूकर मुझे प्रणाम किया. मैंने भी कहा कि आपका आगमन जेडीयू को ऊपर तक ले जाएगा. अपनी बात को दोहराते हुए जय कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी में निशांत का आगमन आज से हो गया है. आगे चलकर औपचारिकताएं पूरी होंगी. हम लोग चाहते हैं वह चुनाव लड़ें. उन्होंने निशांत को योग्य और काबिल बताया. कहा कि वे सीएम मेटेरियल हैं. कार्यकर्ताओं की डिमांड थी कि वह पार्टी में आएं. जय कुमार सिंह होली पर सीएम आवास गए थे. नीतीश और निशांत से मुलाकात कर जब वे बाहर निकले तो उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात की.
* क्या कह रहे जेडीयू के नेता और कार्यकर्ता ?
सबके मन में बस सवाल यही है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार क्या सक्रिय राजनीति में जल्द आने वाले हैं ? शनिवार को होली पर नीतीश कुमार और निशांत कुमार से मिलकर बाहर निकल रहे जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ा बयान दिया. मुलाकात के बाद जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज खास बात यह है कि नीतीश के साथ उनके बेटे निशांत हैं. निशांत हम लोगों से आज मिले हैं. नीतीश कुमार ने मुलाकात कराई है. हम लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत सक्रिय राजनीति में आएं. चुनाव लड़ें. काफी काबिलियत है. युवा हैं और इंजीनियर हैं. इधर जेडीयू के प्रवक्ता अरविंद निषाद ने कहा कि निशांत काबिल हैं. योग्य हैं, लेकिन सियासत में आएंगे या नहीं इस पर निर्णय निशांत और नीतीश कुमार को लेना है. बता दें कि निशांत कुमार को लेकर अटकलें तेज हैं. पटना में जेडीयू दफ्तर के आगे कई पोस्टर भी लगे हैं. जेडीयू नेताओं ने पोस्टर के जरिए राजनीति में आने का आग्रह किया है. इसी बीच सीएम आवास में वह पिता नीतीश कुमार के साथ हैं. चर्चा तेज है कि होली के बाद राजनीति में आ सकते हैं. अब देखना होगा कि आगे क्या होता है. बता दें कि निशांत का जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ है वे बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान-मेसरा से इंजीनियरिंग में स्नातक हैं.




