जमशेदपुर: जमशेदपुर जिले के पटमदा प्रखंड कार्यालय में भारत की जनगणना 2027 जो 15 मई 2026 से शुरू प्रथम चरण के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंचल अधिकारी पटमदा राजेंद्र दास द्वारा दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर अंचलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। प्रशिक्षण सत्र में जनगणना के महत्व और उसके विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें जनसंख्या, लिंगानुपात, आयु संरचना, धर्म, आर्थिक गतिविधियाँ, आवास, प्रवासन तथा परिसीमन जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण आधार है। इसी के माध्यम से सरकार को विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति का आकलन होता है, जिसके आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं। सटीक और विश्वसनीय आंकड़े ही प्रभावी नीति निर्माण की नींव होते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी परगणकों एवं सुपरवाइजर्स को निर्देश दिया गया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और प्रत्येक पहलू को ध्यानपूर्वक समझें। उन्हें यह भी बताया गया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक जानकारी को पूरी ईमानदारी और सावधानी के साथ दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
अंचलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी तत्परता, निष्ठा और समर्पण के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण करेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना 2027 को सुचारू और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।



