दिल्ली ( प्रतीक सिंह) : गुरुवार, 12 जून 2025 को अहमदाबाद के मेघानी नगर क्षेत्र में एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के गेटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली थी, टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 232 यात्री और 10 क्रू सदस्य शामिल थे। यह हादसा दोपहर 1:38 बजे हुआ, जब विमान ने सर्दार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी।

लेकिन एक मेडिकल बिल्डिंग पर गिर गई जिसमें मेडिकल के 20 छात्रों के मारे जाने की संभावनाएं है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट ने ‘मेडे’ कॉल किया था, लेकिन इसके बाद विमान का संपर्क एटीसी से टूट गया। विमान मेघानी नगर क्षेत्र में एक रिहायशी इमारत से टकरा गया, जिससे भीषण आग लग गई और पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया। हादसे के तुरंत बाद, फायर ब्रिगेड, पुलिस, सीआईएसएफ और अन्य आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। विमान में सवार यात्रियों में भारतीय, ब्रिटिश, कनाडाई और पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। घटना के बाद, अहमदाबाद हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें स्थगित कर दी गईं और जांच के आदेश दिए गए हैं। वर्तमान में, यह स्पष्ट नहीं है कि इस हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या मारे गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें।




