Saraikela (संजीव मेहता) : 22 सितम्बर 2025 को आदित्यपुर में फाइलेरिया रोकथाम पर एक विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया (झारखंड सरकार) के योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञों के द्वारा चलाया गया. जिसमें मोहम्मद नसीमुद्दीन, आनंद भूषण सिंह, संजय कुमार, मुन्ना तमसोय, मुनीराम महतो, आमना खातून, कल्पना महतो और शोभा देवी ने सहयोग किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें रोग-निवारक दवा उपलब्ध कराना था.

प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में विद्यालय समय के दौरान कुल 541 छात्रों को आइवरमेक्टिन, डायइथाइलकार्बामाजीन (डी.ई.सी.) या एल्बेंडाज़ोल की अनुशंसित खुराक दी गई.
कार्यक्रम में आए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने फाइलेरिया की रोकथाम में सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि यह रोग मच्छरों के माध्यम से फैलता है और समय पर इलाज न मिलने पर आजीवन विकलांगता का कारण बन सकता है. विशेषज्ञों ने छात्रों को “जागरूकता दूत” बनने के लिए प्रेरित किया ताकि वे स्वच्छता, मच्छर-नियंत्रण और नियमित स्वास्थ्य जाँच की अहमियत अपने परिवारों और समुदाय तक पहुँचा सकें. विद्यालय प्रबंधन ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग तथा गम्हरिया ब्लॉक स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने छात्रों के स्वास्थ्य संरक्षण में अपना सहयोग दिया. यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु सतत जागरूकता और निवारक देखभाल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है.




