सरायकेला (संजीव मेहता) : सामाजिक और धार्मिक संस्था आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल ने पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से दृष्टि सेवा महा अभियान के तहत 40 फेको सर्जरी एवं 5 एस.आई.सी.एस सर्जरी कर मोतियाबिंद के रोगियों को निशुल्क लैंस प्रत्यारोपण का लाभ पहुंचाया है. आनंद मार्ग ने आयुष्मान एवं (डी.बी.सी.एस ) राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम से लगभग 45 लोगों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित हुए थे. जो रोगी मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित हुए उनका मोतियाबिंद मेच्योर्ड हो चुका था.

रोगियों का पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से मोतियाबिंद ऑपरेशन कराकर उन्हें निशुल्क लैंस प्रत्यारोपण भी कराया गया. सभी लाभार्थी पोटका ब्लॉक के चलियामा, गदरा एवं सोनारी से थे, जो पिछले कैंप से चयनित हुए थे. आनंद मार्ग के कैंप ऑर्गेनाइजर सुनील आनंद ने बताया कि फेको सर्जरी या फेकोइमल्सीफिकेशन एक प्रकार का मोतियाबिंद का इलाज है जो लेंस के धुंधले हिस्से यानी मोतियाबिंद को हटाने के लिए किया जाता है. फेको तकनीक से मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाता है. लेंस को छोटे टुकड़ों में तोड़ने के लिए अल्ट्रासोनिक तरंगों का उपयोग करती है, फिर लेंस के टुकड़ों को बाहर निकाल दिया जाता है और आँखों की रोशनी में सुधार करने के लिए आंख के लेंस पर एक कृत्रिम लेंस (Artificial lens) लगाया जाता है.




