
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना के थानेदार नितिन कुमार सिंह द्वारा लगातार किए जा रहे अपराधियों के खिलाफ छापामारी और कार्रवाई से अपराधियों में खौफ पसरा हुआ है । विगत कई दिनों से आदित्यपुर थानेदार द्वारा लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहे हैं। कार्रवाई के अभियान के तहत आदित्यपुर पुलिस ने रविवार को अलग-अलग मामलों के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. इनमें तीन फरार वारंटी शामिल है. इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह ने बताया कि बीते 18 अप्रैल से आर्म्स एक्ट मामले में फरार चल रहे मुस्लिम बस्ती निवासी कादिम खान का बेटा अमन खान उर्फ लड्डू को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही फरार वारंटी रवि गोप उर्फ लुकरू, बागुन तिउ और गोपाल दास उर्फ चौड़ा को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. उन्होंने बताया कि एसपी मुकेश लुनावत द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहरी” योजना के तहत स्पेशल ड्राइव चलाया जा रहा है. यह गिरफ्तारियां उसी कड़ी का एक हिस्सा है. इसके अलावा शनिवार को गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर से सरिया चोरी मामले में दो युवकों समीर गोराइ और विलियम कुमार को भी पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है.
उन्होंने बताया कि उक्त मामले में सरिया और सरिया चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है. सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बता दें कि बीते एक हफ्ते में आदित्यपुर थानेदार नितिन कुमार सिंह ने एक दर्जन से भी ज्यादा अलग-अलग मामलों के वारंटियों और अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा है. जिससे अपराधियों में भय और खौफ पसरा हुआ है।




