
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर में ग्रामीण मुंडा दीपक बोदरा पर दिनदहाड़े हुए हमले के बाद, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 75 ई पर उलीडीहमोड़ के पास सड़क जाम कर दिया गया। इस विरोध में ग्रामीण और ग्रामीण मानकी मुंडा संघ के लोग शामिल हैं। शनिवार को दीपक बोदरा को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दीपक को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया।दीपक सड़क किनारे झोपड़े में पत्तल पुड़ा मीट और देसी हडिया रासी बेचने का काम करता है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों पर पुलिस का कोई खौफ नहीं है, इसलिए दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक सड़क जाम रहेगा।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी है। पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों का कहना है कि निर्दोष ग्रामीण पर जानलेवा हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी।




