सरायकेला : अखिल भारतीय धोबी महासंघ की सरायकेला-खरसावाँ और पूर्वी सिंहभूम जिला इकाइयों के संयुक्त प्रयास से सोमवार को आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान में हरिहरि (हरियाली) पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन के तहत श्रद्धालुओं ने खरकई नदी तट पर वैदिक विधि से पूजन कर बेहतर वर्षा, समृद्ध हरित वातावरण और जनकल्याण की कामना की। इसके साथ ही पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया।
समाजसेविका एवं वरिष्ठ महिला नेत्री शारदा देवी ने कहा कि महासंघ ने पुरानी पशु बलि जैसी परंपराओं के बजाय प्रकृति आराधना, वृक्षारोपण और नदी तट पूजन जैसी सकारात्मक पहल को अपनाया है। उनके अनुसार इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सामाजिक जागरूकता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी तथा अंधविश्वास से मुक्त समाज के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।

अनुष्ठान के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता हरिनंदन रजक, महासचिव दुर्गाराम बैठा, गोपाल रजक, उपेंद्र रजक, अरुण चौधरी, राजू रजक सहित अनेक पदाधिकारी और महिला मोर्चा की सदस्य लक्ष्मी देवी, पूनम देवी, रश्मि रजक, रीना देवी, ज्योति रानी, सिया राज समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।






