गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लापता युवक के मामले में नर कंकाल को बरामद कर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।गिरिडीह पुलिस ने लापता युवक मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसहा जंगल से नर कंकाल बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पीरटांड थाना क्षेत्र के सियारंगी निवासी ह्रदय नारायण सिंह (72) ने 1 जुलाई को अपने पुत्र शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु सिंह के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका पुत्र 20 जून को गिरिडीह से वापस आने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। आवेदन में धनबाद की एक महिला सोनियां कुमारी पर संदेह जताया गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरी आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोनियां कुमारी को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से तथा संदिग्ध चंदन कुमार भोक्ता को देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के सीरसा गांव से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान चंदन कुमार भोक्ता ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि मृतक उस पर सोनियां से विवाह कराने का दबाव बना रहा था, जबकि लड़की पहले से विवाहित और तीन बच्चों की मां थी। आरोपी ने शंकर को लड़की से मिलवाने के बहाने मोटरसाइकिल से धनबाद के टुंडी जंगल ले जाकर पत्थर से हमला किया और गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मानव कंकाल, नारंगी रंग का गमछा, चप्पल, शर्ट, जींस, वस्त्र, आरोपी का मोबाइल और घटनास्थल के पास से एक चाकू बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन कुमार भोक्ता (32 वर्ष), पिता काली प्रसाद भोक्ता, निवासी सीरसा, थाना पथरौल, जिला देवघर के रूप में हुई है। छापेमारी दल में एसडीपीओ आबिद खान, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह समेत तकनीकी शाखा के अधिकारी और पुलिस बल शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






