जमशेदपुर : दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी एवं छात्र मोर्चा ने जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी, छात्र मोर्चा के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। इस अवसर पर झामुमो नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से लेने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है।

नेताओं ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार भी निंदनीय है। झामुमो नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर झारखंड के सभी जिलों में झामुमो और छात्र मोर्चा की ओर से विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके दौरान साकची गोलचक्कर क्षेत्र में कुछ समय के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।






