जमशेदपुर : सिंहभूम जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने पटमदा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे जहां विभिन्न प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान एवं अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी उपस्थित थे ।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किये तथा पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे. जिसके उपरांत उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी दौरा किया।

जहां छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, पुस्तकें, खेलकूद एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उपायुक्त ने पटमदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां उन्होंने ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, वार्ड सहित विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






