देवघर : श्रावणी मेला को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले से 500 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों की तैनाती देवघर सहित विभिन्न ड्यूटी स्थलों पर की जाएगी। बड़ी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति को देखते हुए जिले के अधिकांश पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार केवल गंभीर रूप से अस्वस्थ अथवा मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित पुलिसकर्मियों को ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी, जबकि सामान्य छुट्टियां फिलहाल स्वीकृत नहीं होंगी। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि मेले के दौरान शांति, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था बनी रहे।






