रांची: रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने मंदिर परिसर में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, पारस राणा, राकेश सिंह, धनंजय,अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था रांची, एवं मेला समिति के पदाधिकारी तथा स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। समीक्षा के बाद डीजीपी ने स्वयं रथ यात्रा मार्ग एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती,महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की नियुक्ति तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, हेल्प डेस्क और अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि प्रशासन पुलिस और आम जनता के बेहतर समन्वय से ही ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।






