खूंटी : खूंटी प्रखंड में पदस्थापित रोजगार सेवक अजय महतो का शव बुधवार शाम खूंटी-भंडरा सड़क पर बेलाहाथी पुल के समीप मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वह दिनभर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मुरही पंचायत में शासकीय दायित्व निभाने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी अनहोनी का शिकार हो गए।
राहगीरों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा और तुरंत खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना गया, लेकिन मृतक के परिजनों ने इस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चेहरे और मुंह के आसपास मौजूद निशान सामान्य हादसे से मेल नहीं खाते, बल्कि किसी घातक हमले की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।

सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि चिकित्सकीय रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल प्रत्येक संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






