सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में 2 जून 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया था। पीड़ित अफसर नवाज उस समय भूमि संबंधी कार्य कर रहा था। घटना के बाद उनके बयान के आधार पर चांडिल थाना (कपाली ओपी) में मामला संख्या 80/2026 दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस दल का गठन किया गया। जांच के दौरान 5 जून को मामले के एक नामजद आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस टीम अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार थाना प्रभारी घीरंजन कुमार के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही थी।

इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है । मामले से जुड़े एक अन्य नामजद आरोपी मोहम्मद सलमान उर्फ जम्बो बच्चा (34 वर्ष), निवासी रोड नंबर 17, ओल्ड पुरुलिया रोड, आजादनगर, जमशेदपुर, को ओडिशा के बांग्रीपोशी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया 7.65 एमएम का एक पिस्टल भी बरामद किया, जिस पर “Made in USA” अंकित है।
गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे मंडल कारा, सरायकेला भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार उसका पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। वर्ष 2023 में आजादनगर थाना में उसके विरुद्ध अवैध हथियार और अन्य आरोपों से जुड़ा एक मामला दर्ज किया गया था। इस कार्रवाई को सफल बनाने में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधान पदाधिकारी हीराल मुंडू, टाइगर मोबाइल के जवान बिपुल कुमार तिवारी एवं दस्तगीर आलम सहित तकनीकी शाखा, सरायकेला-खरसावां के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।





