धालभूमगढ़: नूतनगढ़ पंचायत के घोसदा गांव के समीप स्थित 132 केवी बिजली टावर पर एक युवती के चढ़ जाने से रविवार को इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किया। जानकारी के अनुसार, युवती घासीडीह टोला की रहने वाली है। काफी देर तक टावर पर चढ़ी रहने के कारण आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल और एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे तथा युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि जिस युवक को लेकर विवाद था, उसके घटनास्थल पर पहुंचने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। प्रशासन की निगरानी में उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

बताया जा रहा है कि युवक नूतनगढ़ पंचायत के गोगलो गांव का निवासी है। दोनों पहले से विवाहित हैं और पिछले करीब दो वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है। घटना के बाद दोनों को थाना लाया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ की और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। सूत्रों के अनुसार, थाना में आपसी सहमति से एक बंधपत्र (समझौता पत्र) तैयार किया गया। वहीं, बीडीओ बबली कुमारी और थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।





