जमुई : जमुई में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक शिक्षक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। घायल शिक्षक गौतम दास मटिया पंचायत की मुखिया महामुनि देवी के पुत्र बताए जा रहे हैं, जो लखीसराय जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं।

जानकारी के मुताबिक गौतम दास रोज की तरह बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। तभी बिशनपुर हाई स्कूल के पास पहले से घात लगाए तीन हथियारबंद बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन घायल शिक्षक को सदर अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली सीने को आर-पार कर गई है और शिक्षक की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।





