सरायकेला : डायन प्रथा के खिलाफ लंबे समय से संघर्ष कर समाज में नई चेतना जगाने वाली छुटनी महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई सात प्रमुख अपीलों का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ये पहल केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। छुटनी महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलों का उद्देश्य आम लोगों के जीवन में सुधार लाना और देशहित को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, मोदी हैं तो मुमकिन है। प्रधानमंत्री जो संदेश दे रहे हैं, उसे हर नागरिक को गंभीरता से अपनाने की जरूरत है।

उन्होंने खास तौर पर खाद्य तेल के सीमित उपयोग की अपील को महिलाओं और परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि तेल का कम इस्तेमाल न केवल लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगा, बल्कि घरेलू खर्च पर भी सकारात्मक असर डालेगा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोगों को अपने खानपान और स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है।
स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील पर छुटनी महतो ने कहा कि यदि लोग स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक इसमें अपनी भागीदारी निभाएगा।
वर्क फ्रॉम होम और घरेलू स्तर पर कामकाज को बढ़ावा देने के मुद्दे पर उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले उन्हें कई कामों के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब वे अधिकतर कार्य घर से ही कर लेती हैं। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होती है।
अंत में छुटनी महतो ने लोगों से प्रधानमंत्री की सातों अपीलों को सकारात्मक सोच के साथ अपनाने और देश को आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।




