मीना देवी : दिल्ली : कुछ ऐसे भी वक्त आते हैं, जब दिल के भीतर एक तूफान चल रहा होता है, पर चेहरे पर मुस्कान सजानी पड़ती है। आंखें नम होती हैं, लेकिन होंठों पर हंसी की बात करनी पड़ती है। यह जिंदगी का वो अजीब मोड़ होता है, जहां इंसान अपने ही जज़्बातों से समझौता कर लेता है।
कभी हालात ऐसे बन जाते हैं कि रो लेने का भी हक नहीं मिलता। जिम्मेदारियां, रिश्ते और समाज की उम्मीदें हमें मजबूर कर देती हैं कि हम अपने दर्द को छुपाकर खुश दिखें। अंदर से टूटे हुए होते हैं, लेकिन बाहर से मजबूत होने का अभिनय करना पड़ता है। यही तो जिंदगी की सबसे बड़ी परीक्षा है—जब दिल रोना चाहता है और हमें हंसना पड़ता है।

ऐसे पल इंसान को बहुत कुछ सिखा जाते हैं। यह सिखाते हैं कि हर मुस्कान खुशी की निशानी नहीं होती, और हर आंसू कमजोरी नहीं होते। कई बार हंसना भी एक हिम्मत होती है, एक जंग होती है अपने ही दर्द के खिलाफ। यह वो ताकत है जो हर किसी के पास नहीं होती।जो लोग ऐसे हालात से गुजरते हैं, वे दूसरों के दर्द को बेहतर समझते हैं। उनकी संवेदनाएं गहरी हो जाती हैं, और वे जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखने लगते हैं। वे जानते हैं कि हर चमकती आंख के पीछे कोई कहानी छुपी हो सकती है।
आखिरकार, जिंदगी यही है—कभी खुशी, कभी गम। लेकिन असली खूबसूरती इसी में है कि हम अपने दर्द को सहते हुए भी दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश करें। क्योंकि कभी-कभी, खुद के आंसू छुपाकर दूसरों को हंसाना ही सबसे बड़ी इंसानियत होती है। इसीलिए कहते हैं,कुछ ऐसे भी वक्त आते हैं, आंखें भरे हुए हैं, और हंसने की बातें करते हैं!




