जमशेदपुर: टाटानगर के ग्वाला बस्ती इलाके में सोमवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम कथित अवैध निर्माण हटाने के लिए पहुंची। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मेघा यादव के घर को अवैध कब्जा मानते हुए 15 दिन पहले नोटिस दिया गया था और इस संबंध में अदालत से भी हटाने का आदेश प्राप्त था।
जैसे ही रेलवे की टीम कार्रवाई शुरू करने पहुंची, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और प्रदर्शनकारियों तथा रेलवे कर्मियों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए RPF और बागबेड़ा थाना पुलिस को बुलाया गया। मौके पर महिला पुलिसकर्मियों समेत 15 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। भारी सुरक्षा के बावजूद लोगों का विरोध जारी रहा और क्षेत्र में तनाव बना रहा।
करीब दो घंटे तक चले विरोध और हंगामे के बाद रेलवे टीम ने फिलहाल कार्रवाई टाल दी और बिना किसी तोड़फोड़ के लौट गई। अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी, जबकि स्थानीय लोग अपने घर बचाने के लिए विरोध पर अड़े हुए हैं।




