चतरा : झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सगाई से ठीक पहले एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था लेकिन इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
परिजनों का आरोप है कि युवक द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव बनाए जाने के कारण युवती ने यह खौफनाक कदम उठाया। इस घटना के बाद युवक के होश उड़ गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और वीडियो कॉल के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके। परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते युवती को प्रताड़ित नहीं किया जाता, तो आज वह जिंदा होती। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




