रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र होली की छुट्टियों के बाद सोमवार, 9 मार्च से दोबारा शुरू होने जा रहा है. अब सदन की बाकी कार्यवाही पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि क्या विपक्ष इस बार आक्रामक रुख अपनाएगा या पहले चरण की तरह शांत बना रहेगा. इन दिनों भाजपा विधायक नवीन जायसवाल की डिग्री को लेकर विवाद सबसे ज्यादा चर्चा में है.
सत्ता पक्ष इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाकर विपक्ष पर दबाव बनाने की रणनीति बना चुका है. माना जा रहा है कि सदन में यह विषय जोरदार तरीके से उठ सकता है और राजनीतिक माहौल को गरमा सकता है. बजट सत्र के शुरुआती दौर में विपक्ष की भूमिका काफी कमजोर नजर आई थी. राज्यपाल के अभिभाषण पर कोई संशोधन प्रस्ताव न देना और बहस के दौरान अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाना कई सवाल खड़े कर रहा है.

इससे यह धारणा बनी कि विपक्ष सरकार को घेरने में उतना सक्रिय नहीं है. कहा जा रहा है कि कई विपक्षी नेता इन दिनों चुनावी गतिविधियों में व्यस्त हैं, क्योंकि उनके परिवार के सदस्य चुनाव मैदान में हैं. इसी कारण उनका ध्यान विधानसभा की कार्यवाही पर कम रहा. दूसरी ओर,सत्ता पक्ष के विधायक पहले से ही पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद हैं और हर मुद्दे का जवाब देने को तैयार बताए जा रहे हैं. इससे विपक्ष के लिए सरकार को घेरना और कठिन हो सकता है.




