रांची : रांची से अचानक गायब हुए भाई-बहन अंश और अंशिका को लेकर राहतभरी खबर सामने आई है। भरोसेमंद इनपुट के आधार पर पुलिस ने दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर क्षेत्र से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिवारजनों के साथ-साथ प्रशासन ने भी चैन की सांस ली है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं रामगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है और औपचारिक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस प्रकरण में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इन्हीं व्यक्तियों का बच्चों के गायब होने से संबंध हो सकता है। फिलहाल दोनों से विस्तार से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे मामले की परतें खुल सकें और कारणों का पता चल सके।पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके साथ किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई है। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और परामर्श के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस मामले में समय पर की गई पुलिस कार्रवाई से संभावित खतरे को टाल दिया गया। प्रशासन ने दोहराया है कि जांच आगे भी जारी रहेगी और दोष सिद्ध होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।




