Saraikela (संजीव मेहता) : पथ प्रमंडल जमशेदपुर अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन से बड़ौदा घाट तक जाने वाले सड़क की उन्नयन कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है. इस सड़क की कुल लंबाई 2.850 किलोमीटर है. इस पथ के निर्माण एवं राइडिंग क्वालिटी सुधार कार्य पर कुल 4 करोड़ 17 लाख 51 हजार 900 रुपये खर्च आएगी. यह सड़क टाटानगर रेलवे स्टेशन से जमशेदपुर हाता मार्ग होते हुए घनी आबादी वाले बागबेड़ा कॉलोनी से गुजरते हुए बड़ौदा घाट को जोड़ती है.
वर्तमान में सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर है, जिसके कारण प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. खासकर बरसात के मौसम में गड्ढों और टूटे हुए हिस्सों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. सड़क उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन काफी सुगम होगा और स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इससे बागबेड़ा सहित आसपास के इलाकों के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी मांग भी पूरी होगी. इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक संजीव सरदार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर मांग रखी थी. बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं इस महत्वपूर्ण योजना की स्वीकृति प्रदान की है. प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है.




