बोकारो : बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र अंतर्गत मनमोहन कोऑपरेटिव स्थित प्लॉट संख्या 869 में मंगलवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में लगी थी, जहां भारी मात्रा में फुटवियर और अन्य सामग्री रखी गई थी। इस अग्निकांड में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के फुटवियर और मटेरियल जलकर पूरी तरह राख हो गए।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ऊपर बने मकान में रह रहे 25 से अधिक लोगों की जान खतरे में पड़ गई, हालांकि समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में एक और दमकल गाड़ी को बुलाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार यह मकान भारत सिंह का है, जिन्होंने बेसमेंट को ओंकार पांडे को फुटवियर गोदाम के रूप में किराए पर दिया था। ओंकार पांडे ने बताया कि पहले से गोदाम में लगभग एक करोड़ रुपये का माल रखा था और तीन दिन पहले ही करीब 60 लाख रुपये का नया फुटवियर आया था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अग्निशमन विभाग बोकारो के अधिकारी भगवान ओझा ने इसे घोर लापरवाही का परिणाम बताया और कहा कि गोदाम में किसी प्रकार की फायर सेफ्टी व्यवस्था नहीं थी। वहीं सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।






