पूर्वी सिंहभूम : आगामी नववर्ष के मद्देनजर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम महोदय के आदेश के आलोक में सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निदेशानुसार अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध गठित छापेमारी दल द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर आज दिनांक: 24-12-2025 के शाम पटमदा थाना अन्तर्गत बेलटांड के बाहरी क्षेत्र में बने एक खंडहरनुमा मकान परिसर पर छापेमारी कर परिसर में चल रहे अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का उद्भेदन किया गया तथा कुल 6 (छः) अभियुक्तों को रंगे हाथ घटनास्थल से विदेशी शराब को बोतल बंद करते हुए पकड़ा गया । छापेमारी में विदेशी शराब को तैयार करने एवं उसे बोतलबंद करने हेतु आवश्यक सभी सामग्री जैसे स्पिरिट, तैयार तरल रंगीन शराब, भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों का खाली बोतल, भारी मात्रा में ढक्कन व बोतल सीलबन्द करने हेतु कॉर्क, बोतलों पर चस्पा किये जाने वाला विभिन्न ब्रांडों का लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब को रंग व फ्लेवर देने में प्रयुक्त केरामेल लीटर, गोल जरकिनों तैयार रंगीन विदेशी शराब तथा 38 पेटियों में, रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट, स्टर्लिंग रिजर्व B7 तथा किंग्स गोल्ड आदि ब्रांड का बोतल बन्द शराब बरामद किया गया।

इसप्रकार उक्त छापेमारी में कुल 100 लीटर स्पिरिट, अवैध विदेशी शराब करीब 745 लीटर तथा कैरामेल: करीब 05 लीटर बरामद किया गया है। साथ हीं, भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड के लेबल, ढक्कन, कॉर्क, खाली बोतल एवं विभिन्न ब्रांडो के कार्टन की बरामदगी की गई ।अवैध विदेशी शराब विनिर्माण में संलिप्त अभियुक्तों के बारे में आसूचना संकलित कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। सभी संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम के निरीक्षक श्री प्रेम प्रकाश उरांव, अवर निरीक्षक श्री ओम प्रकाश तथा श्री रामदेव पासवान, प्रतिनियुक्त आरक्षी तथा प्रतिनियुक्त गृहरक्षक सम्मिलित रहे।






