धनबाद : धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत चलकरी की पहाड़ी में पुलिस छानबीन के दौरान एक मानव कंकाल मिला है। पुलिस ने कंकाल को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से तोपचांची थाना क्षेत्र के वाटर बोर्ड परिसर में शव देखे जाने की चर्चा क्षेत्र में फैली हुई थी।
इसी सूचना के आधार पर तोपचांची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। रविवार को पुलिस ने तोपचांची झील के आसपास के जंगली क्षेत्रों में छानबीन की, लेकिन वहां से कोई सुराग हाथ नहीं लगा। जांच के क्रम में सोमवार को पुलिस को चलकरी की पहाड़ी इलाकों में कंकाल मिला। कंकाल के पास से कुछ कागजात, एक पर्स तथा चाबी भी बरामद हुई है।

पुलिस ने कंकाल समेत सभी सामानों को जब्त कर तोपचांची थाना ले आई है। कंकाल की पहचान फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस संबंध में तोपचांची थाना प्रभारी अजित भारती ने बताया कि सर्च के दौरान एक मानव खोपड़ी और जबड़ा मिला है, जिसे जांच के लिए भेजा जा रहा है।




