रांची : बेहतर पुलिसिंग और एक महत्वपूर्ण मामले के सफल उद्भेदन को लेकर डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसपी अमित रेणु, एसडीपीओ बहामन टुटी (चाईबासा) सहित जिले भर के कुल 22 पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल थे, जिन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

डीआईजी ने कहा कि इन अधिकारियों और जवानों की सतर्कता, सूझबूझ और समर्पण के कारण जटिल मामले का सफलतापूर्वक खुलासा संभव हो सका। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और भविष्य में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद करेगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों के मनोबल की सराहना की गई तथा जनहित में इसी प्रकार निष्ठापूर्वक कार्य करते रहने का संदेश दिया गया।




