रांची: गिरिडीह जिले में आम जनता के खोए और गुम हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता से बरामद कर उनके असली धारकों तक पहुँचाने को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विमल कुमार द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। इसी क्रम में दिनांक 14 नवंबर 2025 को पुलिस केंद्र, गिरिडीह परिसर स्थित मल्टी पर्पस हॉल में “आपका मोबाइल फिर से आपका” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी आम जनता ने काफी सराहना की।

इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार, सहित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी—सदर, डुमरी, बगोदर-सरिया—तथा मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक और जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम जनता को संबोधित करते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के सहारे मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर 313 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जा रहा है।
गिरिडीह पुलिस की यह पहल पिछले माह भी सफल रही थी, जब 100 से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर जनता को वापस दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि जिले में जनता का भरोसा और मजबूत हो। अपने संबोधन में एसपी ने डायल–112 और साइबर अपराध नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन डायल–1930 की आवश्यकता और उपयोगिता के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी मुश्किल वक्त या साइबर धोखाधड़ी के मामले में हेल्पलाइन का तुरंत उपयोग करें।




