जमशेदपुर : पटमदा-काटिन मार्ग पर रांगाटांड़ मोड़ के पास बुधवार सुबह लगभग 11:30 बजे एक भीषण हादसा हुआ। तेज गति से चल रही मोटरसाइकिल और एक टाटा मैजिक वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह से टूट गया और मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि दोनों युवक बिड़रा गांव के निवासी हैं और पटमदा बाजार से अपने घर लौट रहे थे, वहीं टाटा मैजिक काटिन से जमशेदपुर की दिशा में जा रहा था। बीएम पब्लिक स्कूल के पास के तीखे मोड़ पर यह हादसा घटित हुआ। सूचना मिलते ही पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर दोनों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान 22 वर्षीय राहुल कैबर्त और 17 वर्षीय सुदर्शन कैबर्त के रूप में हुई है। दोनों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।




