रांची : झारखंड में मोथा तूफान के गुजरने के बाद अब मौसम में तेजी से ठंडक बढ़ रही है। सुबह और रात के वक्त लोगों को कंपकंपी महसूस हो रही है, वहीं बिना गर्म कपड़ों के बाहर रहना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों में पारे के और नीचे जाने की चेतावनी दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा है कि बुजुर्गों और बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए विशेष ध्यान देने की जरूरत है। डॉक्टरों ने खानपान और कपड़ों पर ध्यान देने को कहा है ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि सूखे मौसम का फायदा उठाकर धान और खरीफ फसलों की कटाई पूरी करें। साथ ही सब्जी उगाने वाले किसान समय पर कीटनाशक का छिड़काव करें ताकि फसलें खराब न हों।

आज राज्य का आकाश साफ रहेगा, हालांकि सुबह धुंध और शाम को ठंडी हवाएं चल सकती हैं। रांची का तापमान लगभग 26 और 17 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 31 और 20 डिग्री, जबकि धनबाद का 29 और 20 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ जाएगी।





